सामूहिक ‘जतन’ से मॉडल बनी आंगनवाड़ियां

ऊषा चौधरी
जतन संस्था राजसमंद, राजस्थान

राजसमंद जिले के आंगनवाड़ी केंद्र कभी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जूझ रहे थे तब जतन संस्थान ने एक साझी पहल शुरू की। यह एक ऐसा प्रयास था, जिसमें संस्था, समुदाय और प्रशासन तीनों की साझेदारी देखने को मिली। इन प्रयासों का परिणाम धीरे-धीरे सामने आने लगा। आज 25 आंगनवाड़ी केंद्र पूरी तरह से रंग-बिरंगे, स्वच्छ, सुरक्षित और मॉडल केंद्र के रूप में विकसित हो चुके हैं।

गांवों में आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों और माताओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण आधार होते हैं, लेकिन अक्सर इन केंद्रों की स्थिति संतोषजनक नहीं होती। राजसमंद जिले के दो ब्लॉकों में स्थित लगभग 300 आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी। कई केंद्र जर्जर भवनों में संचालित हो रहे थे, जहां वर्षों से रंग-रोगन नहीं हुआ था। शौचालयों का अभाव था और पीने के पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। ये केंद्र, जो बच्चों के पोषण, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा के लिए बनाए गए थे, खुद ही बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे।

करीब दो वर्ष पहले, जब जतन संस्थान को इस क्षेत्र में बच्चों की प्रारंभिक देखभाल और सेवाओं को सशक्त करने के उद्देश्य से कार्य करने का अवसर मिला, तो सबसे पहले इन केंद्रों की भौतिक स्थिति ने ध्यान आकर्षित किया। यह स्पष्ट था कि जब तक केंद्रों की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ नहीं होंगी, तब तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना संभव नहीं होगा। जतन संस्थान का मानना रहा है कि हर समस्या का समाधान उसी समुदाय के भीतर मौजूद होता है, जहां वह समस्या उत्पन्न होती है। इसी सोच के साथ संस्थान ने इस मुद्दे को केवल एक भौतिक कमी के रूप में नहीं, बल्कि एक सामुदायिक और संस्थागत चुनौती के रूप में देखा।

संस्थान ने यह समझा कि स्थायी बदलाव तभी संभव है जब समुदाय और पंचायत स्वयं इन केंद्रों के सुधार की जिम्मेदारी लें। इस दिशा में पहला कदम था आंगनवाड़ी निगरानी समितियों को सक्रिय करना, जो हर केंद्र पर पहले से ही मौजूद थीं, लेकिन निष्क्रिय पड़ी थीं। जतन ने इन समितियों के पुनर्गठन की पहल की। सुनिश्चित किया गया कि इनमें समुदाय के सदस्य, अभिभावक, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और संबंधित विभाग के लोग शामिल हों। बैठकों का नियमित आयोजन शुरू हुआ, जहां समिति के सदस्यों को उनकी भूमिकाओं औरजिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया।

धीरे-धीरे इन समितियों में जागरूकता आई और उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाना शुरू किया। बैठकों में केंद्रों की समस्याओं को खुलकर रखा जाने लगा, उन पर चर्चा हुई और समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए। इन प्रस्तावों का लगातार फॉलोअप किया गया, जब तक कि आंगनवाड़ी से जुड़े मुद्दों को ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) में शामिल नहीं कर लिया गया। इसके परिणामस्वरूप कई पंचायतों ने आंगनवाड़ी भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन, शौचालय निर्माण और पानी की व्यवस्था के लिए फंड स्वीकृत किए।

कुछ गांवों में समुदाय के लोग भी आगे आए और भामाशाह की भूमिका निभाते हुए उन्होंने केंद्रों के सुधार में आर्थिक योगदानदिया। इस पूरी प्रक्रिया में जतन संस्थान ने हर स्तर पर सहयोग किया- चाहे वह तकनीकी मार्गदर्शन हो, विभागों के साथ समन्वय हो या फिर पंचायतों के साथ पैरवी करना हो। यह एक ऐसा प्रयास था, जिसमें संस्था, समुदाय और प्रशासन तीनों की साझेदारी देखने को मिली। इन प्रयासों का परिणाम धीरे-धीरे सामने आने लगा। आज 25 आंगनवाड़ी केंद्र पूरी तरह से रंग-बिरंगे, स्वच्छ, सुरक्षित और मॉडल केंद्र के रूप में विकसित हो चुके हैं। यहाँ बच्चों के बैठने और खेलने की उचित व्यवस्था है, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध है और शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा, 200 से अधिक केंद्रों की निगरानी समितियां अब सक्रिय रूप से केंद्रों के संचालन और निगरानी में अपनी भूमिका निभा रही हैं।

आज स्थिति यह है कि जब भी आंगनवाड़ी केंद्रों के सुधार की बात होती है, तो कार्यकर्ता, विभाग और प्रशासन स्वयं जतन संस्थानसे सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा करते हैं। यह बदलाव केवल भौतिक सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामुदायिक जागरूकता और सहभागिता का एक मजबूत उदाहरण बन चुका है। जतन संस्थान के लिए यह सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि एक व्यापक दृष्टिकोण है-जहां समुदाय की सजगता, पंचायत की भागीदारी और संस्थान की निरंतर पहल मिलकर बच्चों, महिलाओं और पूरे समाज के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। यह कहानी बताती है कि यदि सही दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएं, तो किसी भी समस्या का समाधान संभव है और बदलाव की शुरुआत हमेशा वहीं से होती है, जहां समस्या मौजूद होती है।

Scroll to Top