ऐसे रुकने लगा पलायन

कमलेश
संपर्क संस्था पेटलावद, झाबुआ (म.प्र.)

मिट्टी में पसीना मिलाकर, जो सोना उगाता है, खुद भूखा रहकर भी, दुनिया का पेट भरता है। संघर्ष उसकी पहचान है, मेहनत उसका मान है, किसान नहीं तो समझो, सूना हर खेत खलियान है॥
यह कहानी है मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले की जो एक प्रमुख आदिवासी बहुल जिला है जो लोक संस्कृति, मेहनतकश समुदाय और प्राकृतिक संसाधनों के लिए जाना जाता है। यहां 90% आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है। लोगों की आजीविका का प्रमुख साधन खेती, पशुपालन और मजदूरी है। यहां पर 80% से ज्यादा छोटे और सीमांत किसान हैं और 70% से अधिक खेत लहरदार, ढालू और पथरीली भूमि वाले हैं। यहां 40- 60% किसान वर्षा आधारित खेती करते है और खेती का आकार कम होंने के कारण किसानों के सामने हमेशा चुनौतियां बनी रहती हैं जिससे कई परिवारों को मजबूरी में रोज़गार के लिए पलायन करना पड़ता है।
संपर्क संस्था इस क्षेत्र में जनजातीय समुदाय में समानता, न्यायसंगत और पर्यावरण के अनुकूल वातावरण स्थापित करने के दृष्टिकोण से कार्य कर रही है, ताकि सबसे कमजोर और वंचित समुदाय को उनका उचित सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन प्राप्त हो सके। संस्था का मानना है की स्थायी विकास बाहर से नहीं बल्कि समुदाय के अंदरूनी ज्ञान, संसाधनों और नेतृत्व को मजबूत करने से आता है, ताकि लोग स्वयं परिवर्तन के वाहक बन सकें।
इसी उद्देश्य के साथ संपर्क संस्था द्वारा गांव में स्थानीय नेतृत्व विकसित करने का कार्य किया जा रहा है जो समुदाय और विकास के बीच सेतु का कार्य करेगा। यहां गांव स्तर पर कृषि मित्र, पशु सखी-मित्र और बीज मित्र के रूप में वालंटियर तैयार किए गए हैं जो पारंपरिक खेती के तरीको को पुर्नजीवित करने, जैविक खेती को बढावा देने, छोटे पशुजैसे मुर्गी और बकरी के लिए स्वास्थ्य सेवाएं और देशी बीजो को बढ़ाने के साथ उनके संरक्षण का कार्य कर रहे हैं।
ऐसे ही झाबुआ जिले के पेटलावद ब्लॉक के ग्राम कचरा खदान का कृषि मित्र मांगू सरवनिया गुन्डिया है जो इस उद्देश्य पर कार्यरत हैं। मांगू भाई अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ खेती के काम से जुड़े हैं। इनके पास 4 बीघा पथरीली और ढालू जमीन थी जिसमें सोयाबीन, कपास, मक्का जैसी ही फसलें ले पाते थे। सीमित सिंचाई के साधन और मिटटी की उर्वरकता कम होने से उत्पादन तो कम हो रहा था साथ ही रासायनिक खाद और कीटनाशक का उपयोग जरुरत से ज्यादा बढता जा रहा था जिससे खेती की लागत बढती जा रही थी, इस स्थिति को देखते हुए मांगू भाई ने सोचा कि इस तरीके की अधिक समय तक गुजारा नहीं हो सकता इसलिए उन्होंने भी पलायन पर जाकर मजदूरी करने का फैसला लिया।
इन्हीं परिस्थिति में वर्ष 2022 में संपर्क संस्था ने गांव कचरा खदान का चयन किया और आजीविका परियोजना के अंतर्गत विकासात्मक कार्य करना प्रारंभ किया गया। गांव स्तर की बैठक में मांगू ने संस्था की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और भूमि सुधार कार्य के लिए अपना नाम दिया। समुदाय की सहभागिता और सामूहिक निर्णय से मांगू के यहां भूमि सुधार कार्य किया गया। इस कार्य के बाद खेती में आए बदलाव को देखकर उन्होंने पलायन पर जाने की बात छोड़ दी और अपने पूर्वजों की खेती को ही आगे बढ़ाने में जुट पड़े। उन्होंने संस्था के नियमित बैठकों, प्रशिक्षण और एक्सपोजर से जुड़कर जैविक खेती, देशी बीज के महत्त्व के बारे में जानकारी प्राप्त की और 1 बीघा में जैविक खेती एवं देशी बीजो का उपयोग करना प्रारंभ किया। इस कार्य से उन्हें न सिर्फ अच्छी फसल हुई बल्कि उनकी आय भी बढ़ी। इस परिवर्तन ने उन्हें और आगे बढने के लिए प्रेरित किया। मांगू की लगन,परिश्रम और सिखने की इच्छा को देखते हुए उन्हें “कृषि मित्र” के रूप में तैयार किया गया।
मांगू द्वारा पिछले 3 सालो से अपनी 3 बीघा जमीन में पूरी तरह से जैविक खेती कर रहे हैं, और दूसरे किसानों को अपने खेत पर एक्सपोजर कर उन्हें प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा है, इनके द्वारा खेत पाठशाला के साथ बायो इनपुट रेसोर्स सेंटर (बीआरसी) का संचालन किया जा रहा है, जिसमें गांव के किसानों को जैविक खेती के लिए प्रशिक्षित एवं समुदाय की भागीदारी के साथ जैविक उत्पादों का निर्माण कर उपयोग करवाया जा रहा है। आज इनके द्वारा जैविक खाद के लिए वर्मी पिट, फ्लेक्सी बायोगैस की स्थापना कर जैविक खाद बनाकर उपयोग किया जा रहा है और उद्यानिकी विभाग से बागवानी और ड्रिप योजना का लाभ लेकर टमाटर, मिर्ची, सब्जियों का उत्पादन लिया जा रहा, साथ ही 8-9 प्रकार के देशी बीजो का भी संरक्षण किया जा रहा है, बीज, खाद और कीटनाशक के लिए बाजार पर निर्भरता कम होने से उनकी आमदनी जो सालाना 30000/- रूपये थी आज उससे बढकर 70-80 हजार रूपये की वृद्धि हो गयी है।
मांगू द्वारा अब कृषि मित्र के रूप नियमित किसानो से संपर्क कर जैविक खेती और पारम्परिक देशी बीजों को बचाने और किसानों को प्रशिक्षित करने का कार्य किया जा रहा है इनके द्वारा अभी तक 50से अधिक किसानों को जैविक खेती की मुहीम में जोड़ा गया साथ ही 200 से अधिक किसानों को अपने खेत पर एक्सपोजर करवाया गया और निरंतर कार्यरत है। मांगू भाई की यह यात्रा केवल एक किसान की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह दिखाती है कि जब समुदाय को सही दिशा, स्थानीय नेतृत्व और तकनीकी सहयोग मिलता है तो बदलाव गांव के भीतर से ही जन्म लेता है। कभी सीमित संसाधनों और पलायन की मजबूरी से जूझने वाला एक किसान आज अपने खेत को सीखने और प्रेरणा का केंद्र बना चुका है।
